Spread the love

मानसून सत्र की पहली रात सदन में गुज़री, कांग्रेसी विधायकों ने ओढ़ी रजाइयाँ

गैरसैंण। भराड़ीसैंण में सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन विपक्ष और सरकार के बीच जोरदार टकराव देखने को मिला। दिनभर विरोध और हंगामे के बाद कांग्रेस विधायकों ने रात सदन के भीतर ही गुजारने का फैसला लिया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से लेकर सभी कांग्रेसी विधायक रातभर सदन में कंबल और रजाई ओढ़े बैठे नज़र आए।

शाम को पहले विधानसभा अध्यक्ष और विपक्ष के बीच वार्ता हुई, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष से फोन पर बातचीत कर धरना खत्म करने का आग्रह किया, मगर विपक्ष अपनी मांगों—जिलाधिकारी का तबादला, एसएसपी का निलंबन और मुकदमे वापस लेने—पर अड़ा रहा।

इसी बीच उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर सदन के भीतर की तस्वीरें दिखाईं। उन्होंने कहा कि विपक्षी विधायकों पर तोड़फोड़ के आरोप निराधार हैं और सरकार केवल मुद्दों को भटकाने का प्रयास कर रही है। वहीं, निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने भी फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें कांग्रेसी विधायक सदन में बैठे और लेटे हुए दिखाई दिए।

इस घटनाक्रम से मानसून सत्र का पहला दिन पूरी तरह हंगामे और राजनीतिक बयानबाज़ी में सिमट गया। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में विपक्ष और सरकार के बीच गतिरोध किस दिशा में जाता है।


Spread the love