सरकारी विज्ञापन
Fri. Oct 9th, 2026
Spread the love

बेतालघाट: डोलकोट गधेरे में वन दरोगा बहा, रातभर चला रेस्क्यू अभियान

बेतालघाट। बुधवार देर रात डोलकोट गधेरे को पार करते समय बाइक सवार वन दरोगा पानी के तेज बहाव में बह गया। रातभर तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। वहीं, उसका साथी बाल-बाल बच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिमलखा निवासी वन दरोगा देवेंद्र सिंह बिष्ट पुत्र दलीप सिंह बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपने साथी के साथ बाइक से खैरना–बेतालघाट स्टेट हाईवे होते हुए घर लौट रहे थे। इसी दौरान डोलकोट गधेरे को पार करते समय अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और देवेंद्र सिंह बाइक समेत गधेरे में बह गए। साथी ने शोर मचाकर लोगों को बुलाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत घटना की सूचना प्रशासन को दी।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव और रात का अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में टीम को कड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देर रात तक वन दरोगा का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

एसडीएम श्री कैंची धाम मोनिका ने बताया कि युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है। पानी के बहाव को कम करने के लिए दो जेसीबी की मदद से दिशा भी बदली गई है।

डोलकोट गधेरे पर पुल न होने के कारण बरसात में यह जगह ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित होती है। पानी बढ़ने पर लोगों को लंबे समय तक बहाव कम होने का इंतजार करना पड़ता है। कई बार वाहन सवार गधेरे को पार करने की कोशिश में बहने से बाल-बाल बचे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द यहां पुल निर्माण की मांग उठाई है।


Spread the love