नैनीताल झील में कूदे बुजुर्ग, नाव चालकों की सूझबूझ से बची जान
नैनीताल। गुरुवार सुबह नैनीताल झील में उस समय हड़कंप मच गया जब बरेली निवासी 60 वर्षीय अवतार सिंह नाव की सवारी करते हुए अचानक झील में कूद पड़े। गनीमत रही कि अन्य नाव चालकों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें डूबने से बचा लिया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे अवतार सिंह नैनीताल पहुंचे और बोट स्टैंड से टिकट लेकर नौकायन करने लगे। किनारे से निकलते समय उन्होंने नियमानुसार लाइफ जैकेट भी पहन रखी थी। नौका झील के बीच पहुंची तो उन्होंने जेब से 500-500 रुपये के दो नोट निकालकर नाव चालक को दिए और कहा कि एक नोट मंदिर तथा दूसरा गुरुद्वारे में चढ़ा देना। नाविक कुछ समझ पाता उससे पहले ही बुजुर्ग ने अचानक लाइफ जैकेट उतारी और झील में छलांग लगा दी।
झील में बुजुर्ग को कूदते देख आसपास नौकायन कर रहे अन्य नाव चालक तुरंत मदद के लिए पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना पर तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को चौकी ले जाया गया।
पुलिस पूछताछ में अवतार सिंह ने पारिवारिक अवसाद से जूझने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनके स्वजनों को नैनीताल बुलाकर काउंसलिंग करवाई और उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एसआई सतीश उपाध्याय ने बताया कि समय रहते नाव चालकों की सतर्कता और बचाव प्रयासों से बुजुर्ग की जान बच पाई।





