हल्द्वानी: कालाढूंगी रोड पर कार सवार दबंगों का तांडव, बाइक सवार युवकों को पीटकर चेन लूटी
हल्द्वानी। शहर में अराजक तत्व लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। रविवार देर रात कार सवार दबंगों ने कालाढूंगी रोड पर दो बाइक सवार युवकों को घेरकर बेरहमी से मारपीट की। हमलावरों ने न केवल उनके कपड़े फाड़े बल्कि एक युवक की सोने की चेन भी लूट ली।
मंगलपड़ाव निवासी पंकज रावत और हेमंत शर्मा ने बताया कि रविवार रात वे किसी काम से कालाढूंगी रोड गए थे। वापस लौटते समय जेल रोड के पास अचानक काले रंग की कार से आए 8–10 युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों को नीचे उतारा और लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया।
इस दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और सिर को नाली व दुकान के शटर पर पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ितों के अनुसार हमलावरों ने एक युवक के गले से सोने की चेन भी छीन ली।
सूचना पर टीपीनगर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार डायल-112 टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एसटीएच अस्पताल भिजवाया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग निकले।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि कार सवार युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिस समय घटना हुई उस वक्त पीड़ित नशे की हालत में थे।
