Spread the love

लालकुआं: ई-व्हीकल शोरूम में भीषण अग्निकांड, 150 स्कूटी और करोड़ों की बैटरियां खाक

लालकुआं। शहर के गौला रोड पर स्थित प्रेम ट्रेडर्स इलेक्ट्रिक व्हीकल शोरूम में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखी 150 से अधिक इलेक्ट्रिक स्कूटी और करीब 40 लाख रुपये की बैटरियां जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

घटना रात लगभग 2 से 2:30 बजे की बताई जा रही है। शोरूम के पास ही रहने वाले परिजनों को अचानक बैटरियों के फटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। तुरंत शोरूम स्वामी प्रेमनाथ पंडित को सूचना दी गई और फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया।

सूचना मिलते ही हल्द्वानी से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब ढाई से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक शोरूम में खड़ी ज्यादातर गाड़ियां और बैटरियां पूरी तरह से स्वाहा हो चुकी थीं।

अग्निकांड की सूचना फैलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या बैटरियों के ओवरहीट होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।


Spread the love

You missed