Spread the love

घर में घुसकर महिला पर फावड़े से वार, भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

लालकुआँ के विकासपुरी नंबर 2 में घटी वारदात, इलाके में दहशत का माहौल

लालकुआँ (बिंदुखत्ता)। बिंदुखत्ता क्षेत्र के विकासपुरी नंबर 2 में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने घर में पूजा कर रही महिला पर अचानक फावड़े से हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार गोकुलधाम कॉलोनी निवासी हेमंत सिंह जीना की पत्नी कमला जीना घर पर पूजा कर रही थीं। तभी छत के रास्ते घर में घुसा युवक अचानक उन पर टूट पड़ा और सिर पर फावड़े से वार कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए आरोपी को दबोचकर कमरे में बंद कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान उत्तम कुमार शर्मा निवासी मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से तीन धारदार हथियार भी बरामद हुए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

 


Spread the love