“राष्ट्रीय प्रतीक जागरूकता मिशन” के तहत खैरना गरमपानी में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
नैनीताल। माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जिला न्यायाधीश नैनीताल श्री हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में दिनांक 20 सितम्बर 2025 को “राष्ट्रीय प्रतीक जागरूकता मिशन” (राष्ट्र निशान जागरूकता अभियान) के अंतर्गत गोविन्द बल्लभ पंत राजकीय इंटर कॉलेज, खैरना गरमपानी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिविल जज (सी०डि०) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल, श्रीमती पारुल थपलियाल रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने उनका स्वागत-अभिनंदन किया, जिसके उपरांत छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
अपने संबोधन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती पारुल थपलियाल ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतीक राष्ट्र की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और संवैधानिक पहचान को दर्शाते हैं।
भारत के प्रमुख राष्ट्रीय प्रतीक हैं –राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा),राष्ट्रीय चिह्न (सिंह स्तंभ),राष्ट्रगान (जन गण मन),राष्ट्रीय गीत (वंदे मातरम्),राष्ट्रीय पक्षी (मोर),राष्ट्रीय फूल (कमल),राष्ट्रीय वृक्ष (बरगद)
उन्होंने कहा कि ये प्रतीक केवल पहचान का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखण्डता, गौरव और आत्मा के प्रतीक हैं। नागरिकों में इनके प्रति सम्मान और सही उपयोग की भावना जागृत करने हेतु ही राष्ट्रीय प्रतीक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
शिविर में सचिव ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए महिलाओं से संबंधित घरेलू हिंसा अधिनियम, पॉश एक्ट, दहेज उत्पीड़न, अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना, राह वीर योजना सहित विभिन्न विधिक प्रावधानों की जानकारी दी।
शिविर में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव सिंह, शिक्षक-शिक्षकाएँ यशवंत कुमार, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
