Spread the love

स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान के तहत बागेश्वर मे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन

संवाददाता – सीमा खेतवाल

बागेश्वर, 26 सितम्बर 2025 । सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र काफलीगैर, कौसानी एवं कन्धार में “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 348 लाभार्थियों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविरों में गैर-संचारी रोगों जैसे हृदय रोग, मधुमेह, कैंसर तथा श्वसन संबंधी बीमारियों की जांच की गई। विशेषज्ञों ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि इन गंभीर रोगों से बचाव के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य, जीवनशैली सुधार और किशोर स्वास्थ्य से संबंधित जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की गईं। इन प्रयासों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के साथ-साथ बेहतर पोषण पर भी विशेष बल दिया गया।

सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 27 सितम्बर को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र वज्यूला, घेटी, देवनाई, आयुष्मान आरोग्य मन्दिर, पंद्रपाली, बौरबलड़ा, भटोली, कन्याली कोट तथा भण्डारी गांव में भी नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में भाग लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं।


Spread the love