सरकारी विज्ञापन
Sat. Oct 10th, 2026
Spread the love

सूखाताल में घर में घुसा मॉनिटर लिजर्ड, परिवार में दहशत

नैनीताल। सूखाताल क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय निवासी शिखा के घर में करीब तीन फीट लंबा मॉनिटर लिजर्ड (गॉल) घुस आया। अचानक आँगन में रेंगते इस वन्यजीव को देखकर परिवार के होश उड़ गए और घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

परिजनों के शोर मचाने पर गॉल घर के गमलों के पीछे छिप गया। स्थिति को देखते हुए तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में दो–तीन मॉनिटर लिजर्ड घूमते दिखाई दे रहे थे। कुछ समय पहले भी जीआईसी क्षेत्र में बड़े आकार के गॉल देखे जाने से लोगों में हड़कंप मच गया था, जिन्हें वन विभाग ने सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया था।

मॉनिटर लिजर्ड रेप्टाइल परिवार से संबंध रखते हैं और दिखने में छिपकली जैसे लगते हैं। यह मांसाहारी प्रजाति है, जो मुख्यतः मेंढक और चूहों का शिकार करती है। इनकी लंबाई औसतन तीन से दस फीट तक होती है और रंग ग्रे, भूरा या कभी-कभी काला होता है। इनकी जीभ सांप की तरह दोमुंही होती है और दांत नुकीले होते हैं।

वन विभाग की टीम ने इस बार भी गॉल को सुरक्षित जंगल की ओर छोड़ा। विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे वन्यजीव दिखने पर घबराएँ नहीं, तुरंत विभाग को सूचित करें।


Spread the love