Spread the love

दीपावली पर महंगी होगी बिजली: 83 लाख उपभोक्ताओं के बिल में बढ़ोतरी, UPCL ने जारी की नई दरें

देहरादून। दीपावली से पहले प्रदेशवासियों को बिजली महंगी होने का झटका लगा है। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने अक्टूबर 2025 के लिए फ्यूल पावर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट (FPPCA) की नई दरें जारी कर दी हैं। नई दरों के अनुसार, राज्य के 83 लाख बिजली उपभोक्ताओं को इस महीने के बिल में 6 पैसे से लेकर 26 पैसे प्रति यूनिट तक अधिक भुगतान करना होगा।

इस बढ़ोतरी के चलते उपभोक्ताओं के बिजली बिल 26 रुपये से लेकर 104 रुपये तक बढ़ सकते हैं।

UPCL द्वारा बाजार से खरीदी गई बिजली की लागत बढ़ने पर उसका असर सीधे उपभोक्ताओं पर पड़ता है। नियमों के तहत इस अतिरिक्त लागत को उपभोक्ताओं के बिल में सरचार्ज के रूप में जोड़ा जाता है। वहीं, यदि किसी माह बिजली खरीद सस्ती पड़ती है तो उपभोक्ताओं को रिबेट (छूट) के रूप में राहत दी जाती है।

पिछले कई महीनों से राज्य के उपभोक्ता बिजली बिलों में लगातार सरचार्ज का बोझ झेल रहे हैं। अक्टूबर माह में यह बढ़ोतरी दीपावली सीजन में घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव डालेगी, क्योंकि इस दौरान बिजली की खपत सामान्य महीनों की तुलना में काफी अधिक रहती है।

UPCL द्वारा जारी नई FPPCA दरें इस प्रकार हैं —

उपभोक्ता वर्ग प्रति यूनिट वृद्धि (पैसे में)
बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) 6 पैसे
सामान्य घरेलू उपभोक्ता 17 पैसे
कॉमर्शियल (व्यावसायिक) उपभोक्ता 24 पैसे
सरकारी संस्थान 23 पैसे
निजी ट्यूबवेल उपभोक्ता 7 पैसे
औद्योगिक उपभोक्ता 23 पैसे
मिक्स्ड लोड उपभोक्ता 21 पैसे
रेलवे उपभोक्ता 21 पैसे
इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन 21 पैसे
अस्थायी निर्माण उपभोक्ता 26 पैसे
कृषि गतिविधियां 12 पैसे

ऊर्जा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान बिजली की खपत में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होती है। ऐसे में यह दर वृद्धि उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर सीधा असर डालेगी।

फ्यूल पावर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट (FPPCA) एक ऐसी व्यवस्था है जिसके तहत बिजली उत्पादन या खरीद की वास्तविक लागत के आधार पर उपभोक्ताओं से अतिरिक्त शुल्क वसूला जाता है। यह राशि प्रत्येक माह अलग-अलग तय की जाती है ताकि बिजली वितरण निगम को हुए नुकसान की भरपाई हो सके।


Spread the love