Spread the love

लालकुआं: पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दंपत्ति ने किया जहर सेवन, पत्नी की मौत — पति की हालत नाजुक

लालकुआं (नैनीताल)। हल्दुचौड़ क्षेत्र के दौलिया प्रगति विहार में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रकाश भट्ट (50) और उनकी पत्नी उमा भट्ट (45) ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (डीएसटीएच) हल्द्वानी लाया गया, जहां इलाज के दौरान उमा भट्ट की मौत हो गई, जबकि प्रकाश भट्ट की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार शाम जब प्रकाश भट्ट अपने रेस्टोरेंट से घर लौटे तो पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बहस बढ़ने पर उमा ने अचानक घास सुखाने में प्रयुक्त की जाने वाली जहरीली दवा पी ली। यह देख प्रकाश ने भी उसी दवा का शेष हिस्सा खुद पी लिया।

घटना के तुरंत बाद प्रकाश ने पत्नी को अपनी जीप में बैठाकर डीएसटीएच हल्द्वानी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उमा को बचाया नहीं जा सका।

डॉक्टरों के मुताबिक, प्रकाश की हालत नाजुक बनी हुई है और वे जीवन-मृत्यु से जूझ रहे हैं। पत्नी की मौत की खबर सुनने के बाद वे गहरे सदमे में हैं। बताया जा रहा है कि अस्पताल में उन्होंने कहा कि “अगर मैं ठीक हो गया, तो दोबारा जहर खाकर अपनी पत्नी के पास चला जाऊंगा।”

स्थानीय लोगों ने बताया कि उमा भट्ट की दृष्टि कमजोर थी, जिसके चलते अधिकतर घरेलू कार्यों में उन्हें परेशानी होती थी। प्रकाश अपनी पत्नी का विशेष ध्यान रखते थे — वे अक्सर रेस्टोरेंट से खाना लेकर घर आते या कभी-कभी उमा को रेस्टोरेंट ले जाकर वहीं भोजन करा देते थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दंपत्ति ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या की वजहों का पता लगाया जा सके।


Spread the love

You missed