Spread the love

मुकेश अंबानी ने किए बाबा केदारनाथ और बदरीनाथ के दर्शन, दोनों धामों को दिया 10 करोड़ का दान

चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा – उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धियां

उत्तराखंड। भारत के प्रमुख उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने शुक्रवार को उत्तराखंड के पवित्र श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम के दर्शन किए। अंबानी सुबह बदरीनाथ पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान विष्णु के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा केदार के चरणों में नमन किया।

दर्शन के उपरांत मुकेश अंबानी ने श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के माध्यम से दोनों धामों के विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये का दान दिया। बाबा के धाम पहुंचने पर उनका मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति से भव्य स्वागत किया गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उन्हें उत्तराखंडी टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

अंबानी ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चारधाम यात्रा बेहद सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा, “मैं पिछले लगभग 20 वर्षों से उत्तराखंड आता रहा हूं, लेकिन इस बार जैसी बेहतरीन व्यवस्थाएं पहले कभी नहीं देखीं। मुख्यमंत्री धामी की अगुवाई में राज्य में तीर्थयात्रियों के लिए ऐतिहासिक सुधार हुए हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्था देखने लायक है। “राज्य सरकार ने मास्टर प्लान के तहत आस्था और पर्यावरण का शानदार संतुलन बनाया है, जो अन्य धार्मिक स्थलों के लिए मिसाल है,” अंबानी ने कहा।

प्राकृतिक आपदाओं का जिक्र करते हुए अंबानी ने कहा कि हाल ही में बादल फटने की घटनाओं से राज्य को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा, “हमारी संवेदनाएं उत्तराखंड के लोगों के साथ हैं। मैं और रिलायंस फाउंडेशन हर स्थिति में राज्य सरकार के साथ खड़े रहेंगे और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।”

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि मुकेश अंबानी और उनका परिवार लंबे समय से बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के प्रति गहरी श्रद्धा और आस्था रखता है। अंबानी परिवार दोनों धामों के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे चुका है।

द्विवेदी ने बताया कि लाखों श्रद्धालु प्रतिवर्ष इन पवित्र धामों में पहुंचते हैं, लेकिन यात्रा के दौरान किसी को असुविधा नहीं होती, जो राज्य सरकार की बेहतर योजना और प्रबंधन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुकेश अंबानी का सहयोग चारधाम धामों के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण रहेगा।


Spread the love