Nainital News: Kotabag Forest Officer Death – नैनीताल में कोटाबाग के वन दरोगा की संदिग्ध मौत | Uttarakhand News
नैनीताल। कोटाबाग रेंज में तैनात एक वन दरोगा शुक्रवार सुबह अपने सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची।
मूल रूप से शांतिपुरी नंबर-3, पंतनगर (ऊधमसिंह नगर) निवासी पूरन चंद्र आर्या कोटाबाग में वन विभाग में दरोगा के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात वह भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। उस समय उनकी तबीयत पूरी तरह सामान्य थी।
शुक्रवार सुबह जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो सहकर्मियों को चिंता हुई। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां पूरन चंद्र आर्या बेसुध अवस्था में पड़े मिले।
उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटाबाग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं।
