कैंप कार्यालय हल्द्वानी
Spread the love

डीएम ने दिए निर्देश: एडीबी वित्त पोषित हल्द्वानी परियोजना के कार्य दोगुनी क्षमता से पूरे किए जाएं

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में एडीबी (एशियन डेवलपमेंट बैंक) वित्त पोषित हल्द्वानी परियोजना की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने परियोजना से जुड़े विभागों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन कार्यों से जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी कार्य समयबद्ध और दोगुनी क्षमता से पूरे किए जाएं।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों को लंबे समय तक खुदा न छोड़ा जाए। जैसे ही खुदाई का कार्य पूरा हो, सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यों को योजना बद्ध ढंग से और ट्रिपल एम (मशीन, मटेरियल और मैनपावर) के उपयोग से तेजी से पूरा किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि नगर के विभिन्न मार्गों और चौराहों के चौड़ीकरण के लिए पूर्व में किए गए चिह्नीकरण के अनुरूप कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाए। इस संबंध में राजस्व एवं लोक निर्माण विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए।

उन्होंने देवखड़ी नाले से मलबा निस्तारण और अतिक्रमण हटाने के संबंध में अपर जिलाधिकारी को वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि विकास कार्यों में किसी विभाग को कोई समस्या आती है, तो वह तत्काल उन्हें या एडीएम को सूचित करे ताकि कार्यों में विलंब न हो।

डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि “कार्य में धीमी प्रगति पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

बैठक में परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि हल्द्वानी नगर में पेयजल लाइन, सीवरेज लाइन, ओवरहेड टैंक और एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।

परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि हल्द्वानी नगर में विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि 740 किलोमीटर के लक्ष्य में से 346 किलोमीटर में पेयजल लाइन बिछाई जा चुकी है, जबकि 122 किलोमीटर के लक्ष्य के सापेक्ष 54 किलोमीटर में सीवरेज लाइन का कार्य पूरा हो गया है। अब तक 108 किलोमीटर सड़क निर्माण पूर्ण हो चुका है, 90 किलोमीटर में कार्य प्रगति पर है और शेष 100 किलोमीटर सड़क का कार्य फरवरी 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। छह ओवरहेड पेयजल टैंकों का निर्माण जारी है, जिनमें से छह ट्यूबवेल तैयार हो चुके हैं और पांच पर कार्य जारी है। एसटीपी में 20 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, वहीं 241 करोड़ की लागत से होने वाले सड़क और ड्रेनेज कार्य का सर्वे भी चल रहा है। इसके अतिरिक्त नमो भवन परियोजना की टेंडरिंग प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन शैलेंद्र नेगी, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एसडीएम राहुल शाह सहित यूयूएसडीए, लोक निर्माण, पेयजल, जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

You missed