almora-maichod-village-landslide-construction-accident
Spread the love

अल्मोड़ा: निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा, एक मजदूर की मौत, दो घायल

अल्मोड़ा जिले के हवालबाग ब्लॉक के मैंचोड़ गांव में मंगलवार को निर्माण कार्य के दौरान अचानक भू–धंसाव होने से बड़ा हादसा हो गया। घर की मरम्मत के लिए मिट्टी हटाई जा रही थी, तभी भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा और तीन मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें 👉 दो कारों की भिड़ंत

स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव निवासी कृष्णा सिंह के मकान पर मरम्मत कार्य चल रहा था। मजदूर — कृष्णा सिंह, आनंद राम (निवासी कोटयूड़ा) और गोपाल राम (निवासी कोटयूड़ा) — घर के पीछे की दीवार की मरम्मत तथा वहां जमा मिट्टी हटाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जमीन धंस गई और तीनों मजदूर मलबे में दब गए।

यह भी पढ़ें 👉 उत्तराखंड शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ और एसडीएम सदर संजय कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों को बाहर निकाला और बेस अस्पताल अल्मोड़ा भेजा। लेकिन 45 वर्षीय आनंद राम ने उपचार शुरू होने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं मकान मालिक कृष्ण कुमार सिंह मेहता और मजदूर गोपाल राम अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद मैंचोड़ गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने सभी निर्माण स्थलों पर सुरक्षा उपायों और सावधानियों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


Spread the love