नैनीताल जनपद में 16–17 जनवरी को स्कूल बंद
Spread the love

कड़ाके की ठंड के चलते नैनीताल जनपद में 16–17 जनवरी को स्कूल बंद, DM ने जारी किया आदेश

नैनीताल। जनपद नैनीताल में लगातार बढ़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए 16 और 17 जनवरी 2026 को जनपद के सभी प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी और रामनगर विकासखंडों में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय एवं निजी प्राथमिक विद्यालयों पर लागू रहेगा। साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी इन दो दिनों तक बंद रहेंगे।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों को स्कूल नहीं बुलाया जाएगा, हालांकि शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर संबंधित विभाग अलग से निर्देश जारी करेगा।

मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


Spread the love

You missed