टकराई गोंडा–आसनसोल पैसेंजर ट्रेन
Spread the love

रेलवे फाटक की भारी लापरवाही, मौत को चीरते हुए टली बड़ी रेल त्रासदी, हादसे का वीडियो आया सामने

झारखंड के देवघर जिले में गुरुवार को रेलवे फाटक पर हुई लापरवाही ने एक बड़े ट्रेन हादसे को जन्म दे दिया। जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी-नावाडीह रेलवे क्रॉसिंग पर जसीडीह से आसनसोल जा रही गोंडा-आसनसोल पैसेंजर ट्रेन ने धान से लदे एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय रेलवे फाटक पूरी तरह बंद नहीं था। इसी बीच धान से भरा ट्रक रेलवे क्रॉसिंग पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी तेज रफ्तार पैसेंजर ट्रेन अचानक मौके पर पहुंच गई और ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक कुछ दूरी तक घिसटता चला गया।

हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पास खड़ी दो मोटरसाइकिलें उसके नीचे दब गईं। मौके पर मौजूद बाइक सवार अपनी जान बचाने के लिए वाहन छोड़कर भाग निकले। ट्रक चालक भी समय रहते कूदकर जान बचाने में सफल रहा।

इस दुर्घटना के बाद देवघर-गिरिडीह मुख्य सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। क्षतिग्रस्त ट्रक और अन्य वाहनों के कारण सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल रहा, हालांकि रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति संभालते हुए यात्रियों को सुरक्षित होने का भरोसा दिलाया।

सूचना मिलते ही आरपीएफ, स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घटना ने एक बार फिर रेलवे फाटकों पर सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Spread the love