जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण
Spread the love

दशकों का इंतज़ार खत्म: जमरानी बांध बनेगा कुमाऊँ की लाइफ़लाइन, सीएम धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण

नैनीताल/हल्द्वानी | 4 फरवरी 2026 | मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नैनीताल जनपद के भ्रमण के दौरान गोला नदी पर निर्माणाधीन जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने परियोजना स्थल पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना न केवल उत्तराखंड बल्कि उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों के लिए सिंचाई, पेयजल और विकास का स्थायी समाधान साबित होगी। यह परियोजना कुमाऊँ क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर है, जो आने वाले वर्षों में क्षेत्र की तस्वीर बदल देगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह परियोजना माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा क्षेत्रवासियों की दशकों पुरानी मांग को स्वीकृति देकर दी गई एक ऐतिहासिक सौगात है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से पर्यावरणीय एवं तकनीकी अड़चनों को दूर कर परियोजना को आगे बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री ने परियोजना में सहयोग देने वाले स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का भी आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में धनराशि या बाधाएं आड़े नहीं आने दी जाएंगी और राज्य में कोई भी योजना अधूरी नहीं छोड़ी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना राज्य की समृद्धि का प्रतीक है। इसके निर्माण से जहां एक ओर सिंचाई और पेयजल की समस्या का समाधान होगा, वहीं स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मांग पर परियोजना से विद्युत उत्पादन की संभावनाओं को लेकर केंद्र सरकार से वार्ता की जाएगी।

जमरानी बांध परियोजना के महाप्रबंधक श्री महेश खरे ने जानकारी दी कि परियोजना के अंतर्गत दो सुरंगों (टनलों) का निर्माण कार्य लगभग 88 प्रतिशत पूरा हो चुका है। नदी के जल डायवर्जन हेतु कॉफर डैम का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि जून 2026 तक टनल और कृत्रिम डैम का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद मानसून में नदी का पानी सुरंगों के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। स्थायी बांध का निर्माण कार्य इसके बाद तेजी से किया जाएगा और पूरी परियोजना जून 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर विधायक कालाढुंगी बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्य, नवीन वर्मा, दीपक मेहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, केडी रूबाली, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


Spread the love