देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी / नैनीताल: देवभूमि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अभी भले ही थोड़ा समय शेष हो, लेकिन राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों के खेमे में सरगर्मियां अभी से परवान चढ़ने लगी हैं। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भीतर तराई-भाबर की सबसे महत्वपूर्ण हल्द्वानी विधानसभा सीट पर टिकट के लिए एक के बाद एक कई दिग्गज चेहरे अपनी दावेदारी सामने रख रहे हैं। इसी क्रम में अब भाजपा के प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुबानंद जोशी ने भी हल्द्वानी सीट से चुनाव लड़ने के लिए अपनी पुख्ता दावेदारी पेश कर दी है।
‘हल्द्वानी के मन की बात’ अभियान के जरिए घर-घर और लोगों के बीच पहुँच रहे हैं जोशी
अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने और जनता के बीच सीधी पहुँच बनाने के लिए कौस्तुबानंद जोशी ने एक अनोखा तरीका अपनाया है। इन दिनों वह ‘हल्द्वानी के मन की बात’ अभियान के जरिए शहर के विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से वे सीधे शहर के आम नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं के बीच पहुँचकर उनके सुझाव ले रहे हैं, तथा हल्द्वानी के विकास से जुड़ी उनकी अपेक्षाओं व समस्याओं को बारीकी से समझ रहे हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए कौस्तुबानंद जोशी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपनी यह दावेदारी पूरी मजबूती के साथ पार्टी संगठन के समक्ष रख दी है, और इस संबंध में पार्टी के प्रभारी मंत्री को भी आधिकारिक रूप से अवगत करा दिया है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि इससे पूर्व वह नगर निगम चुनाव के दौरान महापौर पद के लिए भी पार्टी से टिकट की दावेदारी कर चुके हैं, हालांकि तब परिस्थितियां उनके अनुकूल नहीं बन पाई थीं।
पार्टी से मौका मिलने पर हल्द्वानी को एक विकसित शहर बनाने का संकल्प
कौस्तुबानंद जोशी ने विश्वास जताते हुए कहा कि यदि पार्टी संगठन उनके लंबे सांगठनिक अनुभवों और जमीनी सक्रियता को देखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारती है, तो वह हल्द्वानी को प्रदेश के एक आधुनिक, सुंदर और पूरी तरह विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के लिए संकल्पबद्ध होकर काम करेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनका यह ‘हल्द्वानी के मन की बात’ अभियान आगामी चुनाव से ठीक पहले जनता के बीच अपनी पैठ बनाने, जनसमर्थन जुटाने और शहर की वास्तविक समस्याओं को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने की एक सोची-समझी और प्रभावी राजनीतिक कवायद है। हल्द्वानी भाजपा में इस तरह लगातार नए दावेदारों के सामने आने से टिकट का मुकाबला बेहद दिलचस्प होता जा रहा है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


