सरकारी गोदामों में पहुंचा जनवरी का चावल
Spread the love

सरकारी गोदामों में पहुंचा जनवरी का चावल, फरवरी पर सस्पेंस बरकरार

हल्द्वानी। लंबे इंतजार और अव्यवस्था के बाद आखिरकार राशन कार्ड धारकों को राहत मिली है। सरकारी गोदामों में जनवरी माह का चावल पहुंचना शुरू हो गया है, जिससे अब दिसंबर और जनवरी का राशन एक साथ मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

राशन आपूर्ति में देरी को देखते हुए प्रशासन ने खाद्यान्न वितरण की समयसीमा बढ़ा दी है। जिन उपभोक्ताओं को अब तक राशन नहीं मिल पाया था, वे अब तय तिथि तक बिना परेशानी राशन ले सकेंगे।

खाद्य आपूर्ति विभाग के अनुसार दिसंबर माह का राशन अब 15 फरवरी तक वितरित किया जाएगा। वहीं जनवरी माह का राशन 28 फरवरी तक लेने की अनुमति दी गई है।

एआरओ विजय जोशी ने बताया कि दिसंबर का चावल पहले ही राशन विक्रेताओं को दिया जा चुका था। अब जनवरी का चावल भी दुकानों तक पहुंचाया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे दोनों महीनों का राशन एक साथ उठाएं।

राशन वितरण में आई गड़बड़ी की बड़ी वजह भी सामने आई है। फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (एफआरके) की समय पर खरीद न होने से दिसंबर में चावल सरकारी गोदामों तक नहीं पहुंच पाया था।

इस राहत के बीच एक चिंता भी बनी हुई है। फरवरी माह का चावल अभी तक गोदामों में नहीं पहुंचा है, जबकि नियमों के अनुसार राशन डीलरों को अग्रिम राशन मिलना चाहिए।

जिले में कुल 664 राशन दुकानें संचालित हैं, जिनसे 2,35,104 राशन कार्डधारक जुड़े हुए हैं। हर महीने करीब 9,58,916 यूनिट राशन का वितरण किया जाता है।

अब सबकी नजर इस पर टिकी है कि फरवरी का राशन कब पहुंचेगा, ताकि आम जनता को दोबारा संकट का सामना न करना पड़े।


Spread the love