नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

भवाली में नाबालिग गर्भवती मामला: कोतवाली घिरी, बाजार कराया गया बंद, नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

भवाली (उत्तराखण्ड)। उत्तराखण्ड के भवाली में एक नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने की सूचना सामने आते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामले को लव जिहाद से जोड़ते हुए हिंदूवादी संगठनों ने गुरुवार को कोतवाली का घेराव किया और विरोध प्रदर्शन के दौरान बाजार बंद करा दिया।

संगठनों का आरोप है कि मुरादाबाद से आए युवक ने स्थानीय किशोरी को बहला-फुसलाकर शारीरिक शोषण किया, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। प्रदर्शनकारियों ने कोतवाली में पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

आक्रोशित कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में भवाली की सड़कों पर उतरे। नारेबाजी के बीच व्यापारियों से दुकानें बंद रखने की अपील की गई, जिसके बाद धीरे-धीरे बाजार के शटर गिरते चले गए और कस्बे में सन्नाटा पसर गया।
पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय नाबालिग के गर्भवती होने की सूचना अस्पताल से मिली थी। इसके बाद परिजनों से संपर्क कर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी जगदीश चंद्र ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट, दुष्कर्म समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जबकि नाबालिग को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक साहिल टैक्सी चालक है और उसके पिता टेलर मास्टर का काम करते हैं। संगठनों का आरोप है कि युवक नाम बदल-बदलकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
फिलहाल भवाली में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन मामले ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक तनाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


Spread the love

You missed