लालकुआं में सर्वेयर इंजीनियर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
Spread the love

लालकुआं में सर्वेयर इंजीनियर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

लालकुआं। शहर के वार्ड नंबर एक, अंबेडकर नगर क्षेत्र में एक सर्वेयर इंजीनियर द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विनय प्रजापति (33 वर्ष) के रूप में हुई है, जो एयरटेल कंपनी में सर्वेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह मूल रूप से ग्राम बख्शी पुरवा नेवी, तहसील नारायनी, जिला बांदा के निवासी थे और पिछले करीब एक वर्ष से अपने चचेरे भाई रावेंद्र प्रजापति के साथ लालकुआं के अंबेडकर नगर स्थित किराए के मकान में रह रहे थे।

बताया गया कि गुरुवार शाम लगभग 5:30 बजे जब रावेंद्र प्रजापति घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, तो भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आशंका होने पर उन्होंने पड़ोसियों और मकान मालिक को बुलाया तथा पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, जहां विनय प्रजापति का शव पंखे से लटका मिला।

सूचना पर मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। समाचार लिखे जाने तक फॉरेंसिक टीम के पहुंचने की प्रतीक्षा की जा रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक के भाई ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले तक सब कुछ सामान्य था। उन्होंने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे विनय से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें घरेलू बातों पर चर्चा हुई थी। अचानक इस तरह की घटना से वह स्तब्ध हैं।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की शादी तय थी और वह निजी जीवन से जुड़ी कुछ परेशानियों के चलते मानसिक तनाव में हो सकता था। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और मृतक के मोबाइल फोन व सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।


Spread the love