देवभूमि जन हुंकार, नैनीताल / हल्द्वानी: उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने हल्द्वानी के चर्चित हनीट्रैप में फंसाकर अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग मामले में दर्ज मुकदमे को निरस्त करने और आरोपी की गिरफ्तारी पर रोक लगाने संबंधी मामले में आरोपी महिला की गिरफ्तारी पर लगी रोक को हटाते हुए उनकी याचिका को खारिज कर दिया है। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने इससे पहले उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा रखी थी।
आरोपी ज्योति सिंह ने दायर की थी मुकदमा निरस्त करने की याचिका
मामले के अनुसार, आरोपी ज्योति सिंह ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर कहा था कि दर्ज मामले में उन्हें गलत फंसाया गया है और उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। इसी आधार पर उन्होंने मांग की थी कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त किया जाए और उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई जाए।
बुजुर्ग कारोबारी ने लगाए थे ब्लैकमेलिंग, करोड़ों की मांग व संपत्ति हड़पने के आरोप
दर्ज मुकदमे में बुजुर्ग कारोबारी ने आरोप लगाया है कि उनको हनीट्रैप के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल किया जा रहा है। उनसे करोड़ों रुपये की मांग की जा रही है, यही नहीं उनको जानमाल का खतरा भी हो गया है। उनकी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग की जा रही है तथा उनकी संपत्ति को हड़प लिया गया है। इस संबंध में उन्होंने नैनीताल के एसएसपी को शिकायत देकर कहा था कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें सुरक्षा दिलाई जाए।
यह भी पढ़ें: सुशीला तिवारी अस्पताल में डीएम का औचक छापा, फटे बेड और गंदगी देख भड़के जिलाधिकारी
एकलपीठ ने अंतरिम रोक हटाकर खारिज की याचिका
दर्ज मुकदमे को निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाए जाने को लेकर आरोपी द्वारा दायर की गई याचिका पर आज न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने सुनवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोक को हटा दिया और याचिका को खारिज कर दिया है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


