शादी की खुशियों में चोरी की साज़िश! होटल में मेहमान बनकर आई महिला ने उड़ाए डायमंड–सोने के गहने, रामनगर पुलिस ने दबोचा
रामनगर। शादी समारोह की चकाचौंध के बीच एक महिला ने भरोसे का फायदा उठाकर लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया, लेकिन रामनगर पुलिस की फुर्ती ने उसकी चाल नाकाम कर दी। रेड रूफ इन होटल, ढेला में आयोजित विवाह समारोह के दौरान डायमंड और सोने के कीमती आभूषण चोरी करने वाली महिला को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। चोरी गए गहनों का बड़ा हिस्सा भी बरामद कर लिया गया है।
होटल के कमरे से उड़ाए मंगलसूत्र और कान के टॉप्स
05 फरवरी 2026 को डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रामनगर को सूचना मिली कि रेड रूफ इन होटल, ढेला, रामनगर के कमरा नंबर 109 से एक महिला का डायमंड–सोने का मंगलसूत्र और कान के कुंडल चोरी हो गए हैं। मामले में आशीष बेलवाल, निवासी हल्द्वानी ने थाना रामनगर में लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर FIR संख्या 34/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर खुलासे के निर्देश दिए। एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले।फुटेज में एक महिला शादी समारोह में सामान्य मेहमान की तरह आती-जाती नजर आई, लेकिन उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध महिला शुभांगी पाण्डे, पुत्री चन्द्र शेखर पाण्डे, वसुधा कॉटेज, मेलरोज कम्पाउंड, मल्लीताल, नैनीताल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती बरतने पर उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।तलाशी के दौरान उसके बैग से चोरी किए गए डायमंड और सोने के आभूषण बरामद हुए, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
करीब साढ़े सात लाख की चोरी, सवा छह लाख से ज्यादा बरामद
पुलिस के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग ₹7,50,000 है, जिसमें से ₹6,75,000 मूल्य के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।

