Spread the love

खटीमा में बुजुर्ग महिला हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा, मृतका का भतीजा निकला हत्यारा

खटीमा (ऊधमसिंहनगर)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति के कुशल निर्देशन में खटीमा क्षेत्र में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने मात्र 72 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच के चलते आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दिनांक 18 फरवरी 2026 की देर रात्रि डायल 112 के माध्यम से कोतवाली खटीमा पुलिस को सूचना मिली कि सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में एक मकान के अंदर वृद्ध महिला श्रीमती जानकी चंद का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया।

घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। फील्ड यूनिट एवं आरएफएसएल कुमाऊं की टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। मृतका के पुत्र की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल कई पुलिस टीमों का गठन किया। गठित टीमों ने गहन सुरागरसी-पतारसी करते हुए करीब 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतका के भतीजे रवि चंद का नाम सामने आया।

दिनांक 21 फरवरी 2026 को खटीमा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी रवि चंद को झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
रवि चंद पुत्र स्व० जगदीश चंद
निवासी आदर्श कॉलोनी, डिग्री कॉलेज रोड, खटीमा
जनपद ऊधम सिंह नगर
उम्र – 33 वर्ष

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा के नांगल कस्बे में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। 17 फरवरी की शाम पैसों की जरूरत के चलते वह मुंह पर मफलर बांधकर अपनी ताई के घर पहुंचा। उसने उनके साथ भोजन किया और मौका पाकर मफलर से उनका मुंह व गला दबा दिया।

संघर्ष के दौरान वृद्ध महिला मुंह के बल फर्श पर गिर गईं, जिससे उनके नाक-मुंह से रक्तस्राव होने लगा। इसके बाद आरोपी ने अलमारी से पर्स निकाल लिया, जिसमें नकदी और अन्य सामान था। शक से बचने के लिए उसने घर के बाहर ग्रिल पर ताला लगा दिया और दरवाजे की कुंडी बंद कर फरार हो गया।

पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर घटना से संबंधित सामान की बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है।


Spread the love