Spread the love

चार साल का इंतज़ार खत्म: कनारीछीना प्राथमिक अस्पताल भवन निर्माण फिर शुरू, 50 लाख की मंजूरी से रीठागाड़ क्षेत्र में खुशी

अल्मोड़ा। रीठागाड़ क्षेत्र के कनारीछीना प्राथमिक अस्पताल भवन का निर्माण कार्य चार साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर शुरू हो गया है। शासन स्तर से 50 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद जैसे ही काम दोबारा प्रारंभ हुआ, क्षेत्र की छह-सात ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।

गौरतलब है कि वर्ष 2022 से अस्पताल भवन का निर्माण बजट के अभाव और विभागीय जांच-पड़ताल के चलते अधर में लटका हुआ था। भवन निर्माण रुकने से स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

पूर्व विधायक रघुनाथ चौहान और जिला अधिकारी के लगातार प्रयासों के बाद मामले में सकारात्मक प्रगति हुई और अंततः 50 लाख रुपये की मंजूरी मिल सकी। इसके बाद निर्माण कार्य को पुनः गति दी गई।

निर्माण कार्य शुरू होने के अवसर पर पूर्व विधायक रघुनाथ चौहान, पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक, पूर्व जिला अध्यक्ष रवि रौतेला, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष कुंदन लोटवाल, स्वास्थ्य मंत्री प्रतिनिधि जगदीश नगरकोटी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता और मातृशक्ति उपस्थित रही।

रीठागाड़ी दगड़ियो संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी ने पूर्व विधायक और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि चार वर्षों के इंतजार के बाद अथक प्रयासों से बजट स्वीकृत हुआ है, जिससे अब क्षेत्र को जल्द ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा होगा और कनारीछीना अस्पताल भवन शीघ्र ही जनता की सेवा के लिए समर्पित किया जाएगा।


Spread the love