प्रेमनगर ब्लाइंड मर्डर केस
Spread the love

देहरादून में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: पूर्व पति ने की थी महिला की हत्या, जंगल में फेंका शव

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में महिला के पूर्व पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने ही गला दबाकर महिला की हत्या की और शव को मांडूवाला के जंगलों में ठिकाने लगा दिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रंजीत शर्मा (32) मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। उसने पूछताछ में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2009 में रूपा से हुई थी। करीब चार साल पहले रूपा उसे छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी और शादी कर ली थी। इसके बाद रंजीत ने भी अपने गांव की रहने वाली सुशीला नाम की महिला से विवाह कर लिया, जो पहले से ही विवाहित थी।

रंजीत पिछले करीब 12 वर्षों से देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर मजदूरी कर रहा था, जबकि बीते एक साल से उसकी दूसरी पत्नी गांव में रह रही थी। इसी दौरान लगभग एक साल पहले रूपा अपने दूसरे पति को छोड़कर वापस गांव आ गई और रंजीत से दोबारा संपर्क करने लगी।

आरोपी के अनुसार, 23 फरवरी को रूपा अपनी 11 महीने की बेटी के साथ देहरादून पहुंची और उसके साथ निर्माणाधीन साइट पर रहने लगी। इस दौरान वह रंजीत पर अपनी दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बनाने लगी, जिससे दोनों के बीच आए दिन विवाद होने लगा।

घटना की रात दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर रंजीत ने रूपा का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक सफेद कट्टे में भरकर कमरे में छिपा दिया और ऊपर से रजाई डाल दी।

पुलिस के मुताबिक, मृतका की 11 महीने की बच्ची साथ होने के कारण आरोपी तुरंत शव को ठिकाने नहीं लगा सका। उसने अपनी दूसरी पत्नी को देहरादून बुलाया, जो 8 मार्च को यहां पहुंची। इसके बाद आरोपी ने बच्ची को उसके पास छोड़कर बाइक से शव को शीतला देवी मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया।

पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love