नैनीताल: लापता युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, गहरी खाई में मिला शव, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
नैनीताल। सरोवर नगरी के तल्लीताल क्षेत्र से लापता हुए होटल कर्मचारी दिनेश चंद्र उपाध्याय की गुमशुदगी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। युवक की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसे गहरी खाई में फेंक दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य अभियुक्त कमल सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 23 अप्रैल 2026 को तल्लीताल स्थित शौर्य रिसोर्ट के जनरल मैनेजर भावेश पाण्डे ने तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनके रिसोर्ट में कार्यरत कर्मचारी दिनेश चन्द्र उपाध्याय (उम्र 33 वर्ष), जो मूल रूप से अल्मोड़ा के रानीखेत का निवासी था, 22 अप्रैल को एक दिन की छुट्टी लेकर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि वह घर भी नहीं पहुँचा है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन और एसपी अपराध डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। लापता दिनेश की तलाश के लिए पुलिस ने कोई कसर नहीं छोड़ी:
-
SDRF और फायर सर्विस की टीमें तैनात की गईं।
-
घने जंगलों और खाइयों में डॉग स्क्वाड और ड्रोन की मदद ली गई।
-
सीसीटीवी फुटेज और अंतिम बार साथ देखे गए व्यक्तियों से गहन पूछताछ की गई।
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि घटना के दिन अभियुक्तों ने भारी मात्रा में शराब का सेवन किया था (करीब 11 बोतल और 2 अंग्रेजी शराब की बोतलें)। नशे की हालत में दिनेश उपाध्याय और कमल सिंह बिष्ट के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई।
पूछताछ में अभियुक्त कमल सिंह बिष्ट ने कबूल किया कि आवेश में आकर उसने दिनेश को गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने साक्ष्यों और अभियुक्त के इकबालिया बयान के आधार पर आज 29 अप्रैल 2026 को मुख्य आरोपी कमल सिंह बिष्ट (23 वर्ष), निवासी मल्लीताल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और 238 (साक्ष्य मिटाना) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
#NainitalPolice #MurderCaseSolved #TallitalNews #UttarakhandCrime #NainitalCrimeNews #BNS2023 #MissingPersonFound Dead #CrimeReport





