देहरादून एनकाउंटर: प्रेमनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक ढेर, SHO को लगी गोली
देहरादून। राजधानी के प्रेमनगर इलाके में बुधवार की देर रात पुलिस और हथियारबंद बदमाशों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। लूट की वारदात कर भाग रहे बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया, जबकि जांबाज थाना प्रभारी (SHO) नरेश राठौर गोली लगने से घायल हो गए। दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार होने में कामयाब रहे।
जानकारी के अनुसार, तीन हथियारबंद बदमाश प्रेमनगर क्षेत्र में एक बड़ी लूट को अंजाम देकर भाग रहे थे। पुलिस को इसकी भनक लगते ही पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई। पुलिस टीम ने जब बदमाशों का पीछा किया, तो वे जंगल की ओर भागने लगे और पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज
बदमाशों की ओर से हुई अचानक फायरिंग में प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को गोली लग गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक शातिर बदमाश मौके पर ही ढेर हो गया। पुलिस अब मारे गए बदमाश की शिनाख्त करने और उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने में जुटी है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार दो बदमाशों की तलाश के लिए जंगल में सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सहसपुर और विकासनगर बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया गया है ताकि आरोपी जिले से बाहर न भाग सकें।
यह भी पढ़ें 👉देहरादून मुठभेड़: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार, फायरिंग में एक घायल
पुलिस को अंदेशा है कि यह किसी पेशेवर गिरोह का काम है। एसएसपी खुद मौके पर मौजूद रहकर सर्च ऑपरेशन की कमान संभाल रहे हैं। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें





