अल्मोड़ा: अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर गांधी पार्क में गूँजी मजदूरों की आवाज़, पुरानी पेंशन और लेबर कोड के खिलाफ भरी हुंकार
अल्मोड़ा। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर आज चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में विभिन्न श्रमिक, कर्मचारी और सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। एक विशाल सभा और सामूहिक धरने के माध्यम से संगठनों ने केंद्र व राज्य सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज़ बुलंद की।
कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 1886 के शिकागो आंदोलन में शहीद हुए मजदूरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित प्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि वे अधिकारों के लिए शहीद हुए कामगारों के संघर्ष को व्यर्थ नहीं जाने देंगे और उनके द्वारा दिखाई गई मशाल को आगे बढ़ाएंगे।
यह भी पढ़ें 👉पिथौरागढ़: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मामूली विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की पत्नी की हत्या
सभा के दौरान वक्ताओं ने वर्तमान आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई नई श्रम संहिताओं (लेबर कोड) को श्रमिक विरोधी करार दिया और इन्हें तत्काल वापस लेने की जोरदार माँग की। उन्होंने पुरानी पेंशन (OPS) की बहाली को सरकारी कर्मचारियों का बुनियादी अधिकार बताया और ठेकेदारी प्रथा को जड़ से समाप्त कर न्यूनतम मजदूरी व कार्यस्थलों पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही, शिक्षित युवाओं के बीच बढ़ते बेरोजगारी के गहरे संकट पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने सरकार की चुप्पी और विफल नीतियों की तीखी आलोचना की।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त नारेबाजी की। “मजदूर एकता जिंदाबाद”, “समान कार्य-समान वेतन” और “मजदूरों का उत्पीड़न बंद करो” जैसे नारों से पूरा गांधी पार्क परिसर गूँज उठा।
यह भी पढ़ें 👉पत्नी, प्रेमी और मौत की साजिश! देवकृष्ण मर्डर केस में VIDEO ने खोले खौफनाक राज
इस सामूहिक धरने में उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा), उत्तराखंड पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन और पेंशनर्स संगठन सहित कई मजदूर एवं सामाजिक संगठनों ने हिस्सा लिया।
प्रमुख उपस्थिति: कार्यक्रम की अध्यक्षता देवेन्द्र सिंह फर्त्याल ने की और संचालन चन्द्र मणी भट्ट द्वारा किया गया। सभा में पी.एस. बोरा, रमेश चंद्र पाण्डेय, मनोज जोशी, गणेश भण्डारी, पी.सी. तिवारी, उदय किरोला, गीता बिष्ट, आनन्द पाटनी और भारती सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें





