हल्द्वानी में ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह’ का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री धामी हुए शामिल
हल्द्वानी। दिनांक 30 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार कुमायूँ के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में आयोजित “वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह” में प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन भव्य एवं सफल रहा, जिसकी सराहना सभी स्तरों पर की जा रही है।

इस आयोजन की सफलता का श्रेय माननीय उपाध्यक्ष, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद (राज्यमंत्री स्तर) श्री नवीन चन्द्र वर्मा की दूरदर्शी सोच, वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति (पंजीकृत) हल्द्वानी के एक माह के सतत प्रयासों तथा समाज कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. संदीप तिवारी एवं उनकी टीम की मेहनत को जाता है। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एकजुटता व अनुशासन के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
खेल प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मुकाबलों को जीवंत बनाया। वहीं, फुटबॉल टीम ने रिकॉर्डतोड़ जीत हासिल कर समिति का नाम रोशन किया। टीम का नेतृत्व आजीवन सदस्य एवं कप्तान श्री अजय कृष्ण गोयल, श्री वीरेंद्र परिहार और श्री उमेश पाटनी ने किया।
हालांकि, समाज कल्याण विभाग के आश्वासन के बावजूद खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से पुरस्कृत न किया जाना एक कमी के रूप में सामने आया, जिस पर समिति ने खेद व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान समिति के आजीवन सदस्य डॉ. त्रिभुवन शर्मा एवं डॉ. आशुतोष पंत को चिकित्सा, जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं पौध वितरण में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान समिति के लिए गौरव का विषय है और अन्य सदस्यों के लिए प्रेरणादायक भी।
इस अवसर पर समिति द्वारा मुख्यमंत्री को वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े 16 सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा गया। इसमें विशेष रूप से 1 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस को राजकीय स्तर पर मनाने की मांग शामिल है। यद्यपि इसकी घोषणा कार्यक्रम में नहीं हो सकी, लेकिन मुख्यमंत्री ने इस पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का मौखिक आश्वासन दिया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भविष्य में ऐसे कार्यक्रम प्रत्येक जिले में आयोजित करने की बात कही। कार्यक्रम से पूर्व समिति द्वारा मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत फूल-मालाओं से किया गया तथा उन्हें ‘प्राण-वायु’ संदेश के साथ पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष श्री भुवन भास्कर पांडे, महामंत्री श्री डी.के. पांडे, संरक्षक श्री दया किशन बल्यूटिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री इंदर सिंह निगल्टिया, श्री डी.के. पंत, श्री पी.एस. जन्तवाल, श्री विष्णु सिंह रावत, श्री राजेंद्र सिंह एरी, श्री मोहन चंद्र बुडलाकोटी, डॉ. शिव दत्त तिवारी, श्री दिनेश पंतोला, कर्नल डी.एस. रौतेला सहित अनेक गणमान्य वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।





