भीमताल: बबियाड-दुदुली मोटर मार्ग पर भीषण हादसा, खाई में गिरी मैक्स; दो की मौत, चार घायल
भीमताल (नैनीताल): धारी विकासखंड के अंतर्गत बबियाड-दुदुली मोटर मार्ग पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी की ओर जा रही एक मैक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में लता देवी (40), पत्नी दिनेश चंद्र शर्मा (निवासी दुदुली) और हरीश चंद्र बेलवाल (52), पुत्र भैरव दत्त बेलवाल (निवासी अम्दौं) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
गंभीर घायलों का हल्द्वानी में उपचार जारी
हादसे में वाहन चालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की सूची इस प्रकार है:
-
कमल शर्मा (23), पुत्र विपिन चंद्र शर्मा (चालक, निवासी दुदुली)
-
नेहा बेलवाल (17), पुत्री हरीश चंद्र बेलवाल (निवासी अम्दौं)
-
सुभाष बेलवाल (13), पुत्र हरीश चंद्र बेलवाल (निवासी अम्दौं)
-
दिनेश चंद्र शर्मा (48), पुत्र त्रिलोचन शर्मा (निवासी दुदुली)
सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची। धारी के प्रभारी एसडीएम नवाजिश खलीक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में दो लोगों की जान गई है और चार लोग घायल हैं। प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है।





