हल्द्वानी उप कारागार का मुख्य द्वार जहाँ सुरक्षा सायरन बजने के बाद हलचल बढ़ गई
Spread the love

हल्द्वानी उप-कारागार में ‘गायब’ बंदी का शोर, गिनती में हुई चूक ने डेढ़ घंटे तक थमा दी जेल की सांसें

हल्द्वानी: हल्द्वानी उप-कारागार में बुधवार की सुबह उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब जेल प्रशासन की एक छोटी सी मानवीय चूक ने ‘बंदी के फरार’ होने की अफवाह फैला दी। कैदियों की गणना में एक बंदी कम मिलने की सूचना से जेल अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। लगभग 90 मिनट तक चली सघन तलाशी और दो बार की पूरी गणना के बाद जब सच्चाई सामने आई, तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटनाक्रम बुधवार का है, जब कोर्ट के लिए बंदियों को रवाना करने के बाद परिजनों से मुलाकात (मिलाई) की प्रक्रिया शुरू की गई थी। उस समय कुल 1050 बंदियों में से 73 बंदियों को मिलाई हॉल में लाया गया था। इसी बीच, एक बंदी किसी काम से चुपके से वापस अपनी बैरक में चला गया और कुछ देर बाद जब वह लौटा, तो ड्यूटी पर तैनात जेल कर्मी ने उसे दोबारा गिन लिया। इस गलती के कारण सरकारी रिकॉर्ड में मिलाई वाले बंदियों की संख्या 73 के बजाय 74 दर्ज हो गई।

यह भी पढ़ें 👉चंपावत में हैवानियत की हदें पार! रस्सियों से बांधकर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, सत्ता पक्ष के नेता पर लगा आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार जब मुलाकात खत्म हुई और बंदियों को वापस बैरक भेजा गया, तो गिनती में केवल 73 बंदी ही मिले। रिकॉर्ड के अनुसार एक बंदी कम होने की खबर से जेल परिसर में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बंदी के गायब होने की आशंका जताते हुए जेल में आपातकालीन सायरन बजा दिया गया। आनन-फानन में जेल के सभी मुख्य द्वारों को लॉक कर दिया गया और पुलिसकर्मी जेल की दीवारों के बाहर भी दौड़ने लगे। जेल के भीतर बैरकों की तलाशी शुरू हुई और सीसीटीवी कंट्रोल रूम को खंगाला जाने लगा। अफरा-तफरी के बीच जेल प्रशासन ने सभी 1050 बंदियों को मैदान में एकत्र कर दो बार उनकी गिनती की।

यह भी पढ़ें 👉पिथौरागढ़: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मामूली विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की पत्नी की हत्या

जांच के दौरान जब एक बंदी ने खुद स्वीकार किया कि वह बैरक में दोबारा गया था और उसे गलती से दो बार गिना गया है, तब जाकर पूरे मामले का पटाक्षेप हुआ। जेल में कोई भी बंदी कम नहीं था, बल्कि वह केवल कागजी त्रुटि थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जेल प्रशासन ने इस लापरवाही को बेहद गंभीरता से लिया है। मुलाकात के दौरान ड्यूटी पर तैनात संबंधित जेल कर्मियों को कारण बताओ नोटिस’ जारी कर जवाब तलब किया गया है। अधिकारियों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए गणना के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश दिए हैं।


Spread the love

You missed