हल्द्वानी: वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति की बैठक में बड़ा फैसला, वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल 2027 तक बढ़ा
हल्द्वानी, 12 मई 2026: वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति, हल्द्वानी की एक आवश्यक बैठक मंगलवार को समिति के कार्यालय (पंडित गोविंद बल्लभ पंत पुस्तकालय भवन) में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष श्री भुवन भास्कर पांडे ने की, जबकि संचालन महामंत्री श्री डी.के. पांडे द्वारा किया गया। बैठक में हाल ही में संपन्न हुए ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह 2026’ की भव्य सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में चर्चा की गई कि 30 अप्रैल 2026 को मेडिकल कॉलेज सभागार में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान समिति ने 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा था। समिति ने मांग की थी कि प्रत्येक जिले में 1 अक्टूबर को ‘अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस’ राजकीय स्तर पर मनाया जाए। यद्यपि मुख्यमंत्री द्वारा इस पर सकारात्मक आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक आधिकारिक घोषणा न होने पर वरिष्ठ नागरिकों ने निराशा व्यक्त की है। समिति ने उम्मीद जताई है कि कार्यकारिणी के प्रयासों से इस पर शीघ्र ही सरकारी आदेश निर्गत होंगे।
स्थापना दिवस तक विस्तारित हुई कार्यकारिणी
सदन में आगामी चुनाव को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष श्री नवीन चंद्र वर्मा के प्रस्ताव पर सदन ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 30 मई 2026 को प्रस्तावित चुनावों को टालते हुए वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल 3 अप्रैल 2027 (स्थापना दिवस) तक के लिए विस्तारित किया जाए।
आगामी 25 मई 2026 को गंगा दशहरा के पावन पर्व पर समिति द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कोतवाली हल्द्वानी के समीप हनुमान मंदिर के पास सुबह 10:00 बजे से शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समिति ने इस नेक कार्य के लिए इच्छुक दानदाताओं के सहयोग का भी स्वागत किया है।
बैठक के दौरान समिति की स्थाई सदस्यता लेने वाले श्री हीरा बल्लभ जोशी, श्री ललित मोहन पांडे, श्री भुवन चंद्र पांडे और श्री बालम सिंह मेहरा का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए गए समिति के सदस्य डॉ. त्रिभुवन शर्मा और डॉ. आशुतोष पंत का भी विशेष अभिनंदन किया गया।
अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ। बैठक में इंद्र सिंह निगल्टिया, डी.के. पंत, डी.के. बल्यूटिया, प्रताप सिंह जंतवाल, विष्णु सिंह रावत, राजेंद्र सिंह ऐरी, बी.डी. जोशी, डा0 शिवदत्त तिवारी, रमेश चंद पांडे, नीरू धवन और मीरा श्रोत्रिय सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।





