“ऑपरेशन प्रहार” के तहत हल्द्वानी में IPL सट्टा गैंग का बड़ा भंडाफोड़
हल्द्वानी में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नैनीताल पुलिस ने IPL सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर SOG और मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के अवैध सट्टा कारोबार का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र स्थित मधुबन कॉलोनी के पास खाली प्लॉट में IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस और SOG टीम ने संयुक्त छापेमारी कर मौके से तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्रतिदिन लाखों का सट्टा
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रोजाना लगभग 7 से 8 लाख रुपये तक का सट्टा संचालित कर रहे थे। अब तक करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये का सट्टा खिलाए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं—
- रवि गुप्ता उर्फ झबरा निवासी दुर्गा कॉलोनी बनभूलपुरा
- रोहित गुप्ता निवासी दुर्गा कॉलोनी बनभूलपुरा
- मोहित प्रसाद निवासी नारायण नगर मुखानी
मौके से बरामद सामान
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
- 6 महंगे मोबाइल फोन
- एक रजिस्टर और पेन
- ₹51,100 नकद
- UP25EL4419 नंबर की क्रेटा कार
बरामद कर सीज की है।
मुख्य आरोपी रवि गुप्ता के खिलाफ पहले से आबकारी अधिनियम, जुआ एक्ट और NDPS एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और अन्य साथियों की भी जांच कर रही है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए ₹2000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले में अपराध, नशा और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।





