भवाली बायपास पर दर्दनाक हादसा गहरी खाई में गिरी कार पांच लोगों की मौत
नैनीताल जनपद के भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भवाली बायपास रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई। बताया जा रहा है कि महिंद्रा कार भवाली बायपास से गुजर रही थी तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतकों में दो पुरुष दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताए जा रहे हैं। सभी लोग उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी बताए जा रहे हैं जबकि वाहन का नंबर लखनऊ पंजीकरण का बताया गया है।
यह भी पढ़ें 👉उत्तराखंड: नर्सिंग और पैरामेडिकल प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए आवेदन शुरू, पहली बार लागू हुई ‘एकीकृत’ व्यवस्था
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को जानकारी दी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस एसडीआरएफ और एसएसबी की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
खाई अत्यधिक गहरी और ढलान वाली होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। बचाव दल को रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर शवों तक पहुंचना पड़ा। कई घंटे की मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर UP32QU1874 है। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें 👉 शादी के 45 दिन बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, पंचायत में मायके और ससुराल वालों ने तोड़ा नाता
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार वाहन चालक का नियंत्रण खोना या तकनीकी खराबी हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।






