दून मेडिकल कॉलेज में सब्जी में कीड़े मिलने पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन
Spread the love

MBBS छात्रों की सेहत से खिलवाड़! सब्जी में परोसे गए कीड़े, विरोध किया तो मेस में ताला जड़ छात्र भूखे छोड़े

देहरादून: राजधानी के प्रतिष्ठित दून मेडिकल कॉलेज की मेस व्यवस्था एक बार फिर शर्मसार हुई है। एमबीबीएस (MBBS) के छात्रों को डिनर में ‘कीड़ों वाली सब्जी’ परोसे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के बाद न केवल छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा, बल्कि कॉलेज प्रशासन की लापरवाही भी उजागर हुई है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार रात की है जब मेस में सफेद मटर की सब्जी बनी थी। बताया जा रहा है कि सब्जी में बड़ी संख्या में काले रंग के कीड़े तैर रहे थे। करीब 20 छात्रों ने शुरुआत में उन्हें मसाले में पड़ा ‘जीरा’ समझकर खाना खा लिया। लेकिन जब अन्य छात्रों की नजर सब्जी के संदिग्ध दानों पर पड़ी, तो हड़कंप मच गया। जैसे ही छात्रों को पता चला कि उन्होंने कीड़े वाला भोजन कर लिया है, कई छात्रों को घबराहट और उल्टियां (Vomiting) होने लगीं।

यह भी पढ़ें 👉उत्तराखंड में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 50 हजार की रिश्वत लेते JE गिरफ्तार, ट्रैप टीम ने रंगे हाथ दबोचा

हंगामे के बाद मेस संचालक ने उस वक्त तो दूसरी सब्जी बनवा दी, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि शुक्रवार सुबह जब छात्र नाश्ते के लिए मेस पहुंचे, तो वहां गेट पर ताला लटका मिला। मेस बंद होने के कारण भविष्य के डॉक्टरों को बिना नाश्ता किए बाहर जाकर भोजन करना पड़ा। छात्रों का आरोप है कि विरोध करने की सजा के तौर पर उन्हें भूखा रखा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज के डॉ. अजय आर्य ने कहा कि घटना की रिपोर्ट तलब की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की सेहत के साथ ऐसा खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। हालांकि, इस पूरे प्रकरण पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन का पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो उनका फोन बंद मिला।

यह भी पढ़ें 👉“ऑपरेशन प्रहार” के तहत हल्द्वानी में IPL सट्टा गैंग का बड़ा भंडाफोड़ 

भविष्य के डॉक्टरों ने कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मेस अनुबंध की समीक्षा की मांग की है। छात्रों का कहना है कि भारी-भरकम मेस फीस देने के बावजूद उन्हें अमानवीय और दूषित भोजन परोसा जा रहा है।


Spread the love