ओखलकांडा में जंगल की आग से जला हुआ प्राथमिक विद्यालय का भवन
Spread the love

धधकते जंगलों का कहर! वनाग्नि की चपेट में आकर सरकारी स्कूल स्वाहा, भवन जलकर राख

नैनीताल (ओखलकांडा): उत्तराखंड के पहाड़ों में बेकाबू होती वनाग्नि अब सार्वजनिक संपत्तियों को अपना ग्रास बनाने लगी है। नैनीताल जनपद के ओखलकांडा ब्लॉक से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ जंगल की आग ने ग्राम पंचायत पश्या के बेड़ूखेत स्थित एक प्राथमिक विद्यालय को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते विद्यालय का पूरा भवन और उसके भीतर रखा सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3:00 बजे बेड़ूखेत के जंगलों में अचानक आग भड़क उठी। शुरुआत में आग जंगल के एक छोटे हिस्से तक सीमित थी, लेकिन तेज हवाओं और सूखी घास के कारण लपटें तेजी से आबादी की ओर बढ़ने लगीं। जंगल से सटे प्राथमिक विद्यालय के परिसर में फैली झाड़ियों ने आग के लिए ईंधन का काम किया और चंद ही मिनटों में स्कूल का भवन धुएं और आग के गुबार में तब्दील हो गया।

यह भी पढ़ें 👉उत्तराखंड में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 50 हजार की रिश्वत लेते JE गिरफ्तार, ट्रैप टीम ने रंगे हाथ दबोचा

आग की लपटें देख स्थानीय निवासी राजू पोखरिया और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पानी और पारंपरिक संसाधनों से आग बुझाने की जीतोड़ कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। बाद में वन क्षेत्राधिकारी हरीश टम्टा के नेतृत्व में विभागीय टीम और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्कूल की छत और फर्नीचर पूरी तरह नष्ट हो चुके थे।

राहत की बात यह रही कि उक्त विद्यालय पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा था, जिसके कारण वहाँ कोई छात्र या कर्मचारी मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ी जनहानि तो टल गई, लेकिन सरकारी संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि इसी परिसर में पहले आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होता था।

यह भी पढ़ें 👉“ऑपरेशन प्रहार” के तहत हल्द्वानी में IPL सट्टा गैंग का बड़ा भंडाफोड़ 

उत्तराखंड पर्यटन गाइड

इस घटना ने एक बार फिर जंगलों की आग को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आबादी क्षेत्र से सटे जंगलों में फायर लाइन का उचित रखरखाव किया जाए और प्रभावित विद्यालय के नुकसान का आकलन कर उचित कार्रवाई की जाए।


Spread the love