हरिद्वार: होटल के कमरे में अचेत मिली सऊदी अरब की महिला पर्यटक, LIU और पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा
हरिद्वार: उत्तराखंड में विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के बीच धर्मनगरी हरिद्वार के एक प्रतिष्ठित होटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां ठहरी सऊदी अरब की एक महिला पर्यटक ने काफी देर तक अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। विदेशी नागरिक की सुरक्षा और संवेदनशीलता को देखते हुए होटल प्रबंधन की सूचना पर स्थानीय पुलिस, खुफिया इकाई (LIU) और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की संयुक्त टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस की मौजूदगी में जब कमरे का दरवाजा खुलवाया गया, तो 37 वर्षीय विदेशी महिला पर्यटक अलबीश नादा खालिद बिस्तर पर पूरी तरह अचेत (बेहोश) अवस्था में मिलीं, जिन्हें बिना वक्त गंवाए तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की गहन जांच और त्वरित इलाज के बाद स्पष्ट हुआ कि महिला को अचानक मिर्गी का दौरा (Epileptic Seizure) पड़ा था, जिसके कारण वह बेहोश हो गई थीं; समय पर इलाज मिलने से अब उनकी हालत पूरी तरह सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें 👉धर्मांतरण सिंडिकेट : लालच और डर दिखाकर धर्म परिवर्तन कराने वाले पास्टर सहित 4 गिरफ्तार
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सऊदी अरब की रहने वाली यह महिला अपने पांच अन्य साथियों के साथ उत्तराखंड की यात्रा पर आई थीं और बीती 23 मई को हरिद्वार के इस होटल में रुकी थीं।
अगले दिन उनका दल चारधाम यात्रा के लिए आगे रवाना हो गया था, लेकिन पहाड़ी रास्तों पर अचानक तबीयत बिगड़ने और लो ब्लड प्रेशर (रक्तचाप कम होने) की शिकायत के चलते वह अपने साथियों को आगे भेजकर अकेले ही वापस हरिद्वार लौट आईं थीं। पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति या साजिश की बात पूरी तरह खारिज कर दी गई है।





