हरिद्वार: हरकी पैड़ी के विष्णुघाट से 5 महीने की मासूम बच्ची चोरी, SSP के निर्देश पर 5 टीमें गठित
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में हरकी पैड़ी के विष्णुघाट से आधी रात को माता-पिता के बीच सो रही पांच माह की मासूम बच्ची के चोरी होने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे घाट क्षेत्र और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह ने तत्काल कड़े निर्देश जारी कर मासूम की सुरक्षित बरामदगी के लिए पांच अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया है, जो हर संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात अपहरणकर्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के संभल जिले के ग्राम खानपुर सराय (थाना गढ़ी) निवासी पुष्पेंद्र अपने परिवार के साथ हरिद्वार घूमने आए थे। बीती रात वह अपनी पत्नी, अन्य परिजनों और अपनी पांच महीने की दुधमुँही बेटी गौरी के साथ विष्णुघाट पर सोए हुए थे। रात के सन्नाटे में कोई शातिर अज्ञात चोर माता-पिता के बीच सो रही मासूम गौरी को चुपके से उठाकर फरार हो गया।
यह भी पढ़ें 👉धर्मांतरण सिंडिकेट : लालच और डर दिखाकर धर्म परिवर्तन कराने वाले पास्टर सहित 4 गिरफ्तार
सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब मां की आंख खुली और बच्ची गायब मिली, तो परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत घाट और आसपास के समूचे इलाके में बच्ची की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित टीमें तलाश में जुट गई हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि घाट क्षेत्र और रेलवे व बस स्टेशन सहित आसपास के तमाम इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है; साथ ही, आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को भी बारीकी से खंगाला जा रहा है ताकि जल्द से जल्द बच्ची को सकुशल बरामद किया जा सके।





