ऊधमसिंहनगर में ‘ऑपरेशन प्रहार’: 5 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद
ऊधमसिंहनगर: वाहन चोरों ने सोचा था कि वे अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को आसानी से चकमा दे देंगे, लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति की सटीक रणनीति के आगे शातिरों की एक न चली। एसएसपी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जनपद पुलिस ने मुखबिर तंत्र, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी (Technical Surveillance) की मदद से एक बड़े वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 5 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के सुपरविजन में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प और कोतवाली खटीमा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में इन शातिरों को दबोचा।
कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस की कार्रवाई:
दिनांक 2 जून 2026 को ट्रांजिट कैम्प पुलिस टीम को गणेशपुर रोड स्थित एक खंडहर के पास कुछ संदिग्धों के होने की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने वाहन चोरी के कई मुकदमों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न सुनसान स्थानों और झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 5 अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। ये सभी वाहन कोतवाली ट्रांजिट कैम्प (FIR संख्या 117/2026, 159/2026, 160/2026, 162/2026) और थाना पंतनगर क्षेत्र से चोरी किए गए थे।
गिरफ्तार अभियुक्त:
-
सचिन पाल (उम्र 23 वर्ष): हाल निवासी- कृष्णा कॉलोनी, ट्रांजिट कैम्प। मूल निवासी- बरेली, उत्तर प्रदेश।
-
अरुण (उम्र 20 वर्ष): हाल निवासी- विवेक नगर, ट्रांजिट कैम्प। मूल निवासी- पीलीभीत, उत्तर प्रदेश।
-
आशीष श्रीवास्तव (उम्र 20 वर्ष): हाल निवासी- ठाकुर नगर, ट्रांजिट कैम्प। मूल निवासी- बरेली, उत्तर प्रदेश। (उपरोक्त तीनों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमे दर्ज हैं।)
यह भी पढ़ें 👉 दिल्ली अग्निकांड: मालवीय नगर के होटल में भीषण आग, 21 लोगों की मौत; खिड़कियों से कूदे लोग
कोतवाली खटीमा पुलिस की कार्रवाई:
खटीमा क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस टीम लगातार पतारसी में जुटी थी। इसी बीच पुलिस ने ग्राम सुजिया मार्ग के पास से एक शातिर चोर ‘फरमान फरीदी उर्फ फुकना’ को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर आशीर्वाद पैलेस के पास कच्चे रास्ते की झाड़ियों से अन्य मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के दूसरे सदस्य पवन धामी को लाल कोठी रोड चकरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से कुल 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जिनमें अर्जुन कुमार, किशन चन्द और संजय कुमार की चोरी हुई बाइकें (यामाहा आरएक्स, हीरो स्प्लेंडर और टीवीएस स्पोर्ट) भी शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त:
-
फरमान फरीदी उर्फ फुकना: निवासी- इस्लामनगर, खटीमा। (यह एक शातिर और पुराना अपराधी है, जिसके खिलाफ खटीमा कोतवाली में चोरी और एनडीपीएस एक्ट (NDPS) के तहत पहले से 7 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं)।
-
पवन धामी (उम्र 24 वर्ष): निवासी- वार्ड नंबर-02, चांदनी, नेपाल।
यह भी पढ़ें 👉 स्कूटी की डिग्गी से ₹2 लाख उड़ाने वाला UP का शातिर अपराधी गिरफ्तार
रेकी कर लॉक तोड़ते थे, झाड़ियों में छिपाते थे गाड़ियां:
पूछताछ में आरोपियों ने अपने पूरे तौर-तरीके (Modus Operandi) का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे पहले बाजारों, दुकानों, कॉलोनियों, जिम और सार्वजनिक स्थलों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही मास्टर चाबी या लॉक तोड़कर वाहन उड़ा लेते थे। पुलिस से बचने के लिए वे तुरंत वाहनों को कच्चे रास्तों, सुनसान जगहों या झाड़ियों में छिपा देते थे और बाद में उन्हें कम दामों में बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस अब इन सभी आरोपियों के पूरे आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है।





