मुखानी पुलिस की गिरफ्त में स्कूटी की डिग्गी से 2 लाख रुपये उड़ाने वाला यूपी का शातिर शूटर और टप्पेबाज अमर सिंह
Spread the love

मुखानी में स्कूटी की डिग्गी से ₹2 लाख उड़ाने वाला UP का शातिर अपराधी गिरफ्तार, हत्या-लूट के कई मामले दर्ज

हल्द्वानी/मुखानी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल, डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के कुशल निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मुखानी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्कूटी की डिग्गी तोड़कर लाखों रुपये उड़ाने वाले उत्तर प्रदेश के एक शातिर अंतर्राज्यीय टप्पेबाज को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ यूपी में हत्या, लूट और चोरी जैसे कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (हल्द्वानी) मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी (हल्द्वानी) अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि गत 22 मई 2026 को लखनऊ गोलापार (काठगोदाम, नैनीताल) निवासी दीपक शर्मा ने थाना मुखानी में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि 20 मई 2026 को किसी अज्ञात चोर ने केएफसी के पास खड़ी उनकी स्कूटी (संख्या: UK 04 AB 2807) की डिग्गी तोड़कर उसमें रखे ₹2,00,000 नकद चोरी कर लिए हैं। तहरीर के आधार पर मुखानी पुलिस ने तत्काल FIR No. 63/26, धारा 305(c) BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी।

 घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, जिसमें दो संदिग्ध युवक नजर आए। सोमवार, 1 जून 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और एक शातिर चोर अमर सिंह (उम्र 48 वर्ष), पुत्र फूल सिंह, निवासी: ग्राम दुल्हापुर बनकट, थाना धानेपुर, जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश)। को गिरफ्तार कर लिया।  पुलिस ने जब अभियुक्त अमर सिंह की अमली तलाशी ली, तो उसके कब्जे से चोरी की रकम में से ₹20,230 की नकदी बरामद हुई। इस बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है।

 कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्त अमर सिंह ने अपना जुर्म कुबूल करते हुए बताया कि वह और उसका साथी राजेश कुमार (निवासी: मुडाडीहा, थाना धानेपुर, जिला गोंडा, UP) योजनाबद्ध तरीके से टप्पेबाजी करते हैं। घटना के दिन राजेश ने बैंक के बाहर दीपक शर्मा की रेकी की थी। जैसे ही दीपक बैंक से पैसे लेकर निकले, दोनों ने उनका पीछा किया और मौका पाकर केएफसी के पास स्कूटी की डिग्गी तोड़कर ₹2 लाख उड़ा दिए।

आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद पैसों के बंटवारे को लेकर दोनों में अनबन हो गई थी। उसका साथी राजेश ₹1,20,000 लेकर फरार हो गया, जबकि अमर सिंह के हिस्से में ₹80,000 आए थे। अमर ने बताया कि उसके हिस्से के बाकी पैसे उसके पिता के इलाज में खर्च हो गए। पुलिस अब फरार आरोपी राजेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।

पकड़ा गया आरोपी अमर सिंह एक हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधी है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में उसके खिलाफ हत्या, लूट और गुंडा एक्ट जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं:

  1. FIR No. 94/2007 (धारा 392/411 IPC) – थाना हजरतगंज (लखनऊ)

  2. FIR No. 223/2007 (धारा 394/411 IPC) – थाना इटियाथोक (गोंडा)

  3. FIR No. 526/2009 (धारा 302 IPC व 3(2)(5) SC/ST Act) – थाना मनकापुर (गोंडा – हत्या का मामला)

  4. FIR No. 388/2011 (धारा 325/323/504/506 IPC) – थाना धानेपुर (गोंडा)

  5. NCR No. 199/2011 (धारा 323/504 IPC) – थाना धानेपुर (गोंडा)

  6. FIR No. 883/2012 (धारा 392/411 IPC) – थाना उतरौला (बलरामपुर)

  7. मु0अ0 सं0 13/2017 (धारा 110 G CrPC – गुंडा एक्ट) – थाना धानेपुर (गोंडा)


Spread the love