देहरादून एनकाउंटर: तड़के सुबह दून पुलिस और राजस्थान के बदमाशों में मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक घायल, 2 गिरफ्तार
देहरादून: राजधानी में अपराध और अपराधियों के खिलाफ देहरादून पुलिस का महा-अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज (4 जून 2026) तड़के सुबह दून पुलिस और राजस्थान के दुराचारी बदमाशों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हो गई। शिमला बाईपास रोड के नयागांव क्षेत्र में हुई इस लाइव मुठभेड़ में पुलिस ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए राजस्थान के दो इनामी और शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हुए तीन अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस ने पूरे इलाके में कांबिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
थाना पटेलनगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आज सुबह तड़के ही पुलिस टीम नयागांव चौकी बैरियर पर नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान राजस्थान (RJ) नंबर की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार वहां पहुँची। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस बैरियर पर जोरदार टक्कर मार दी और गाड़ी को सेलाकुई की तरफ भगा ले गए। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए बदमाशों की कार का पीछा किया।
यह भी पढ़ें 👉 दिल्ली अग्निकांड: मालवीय नगर के होटल में भीषण आग, 21 लोगों की मौत; खिड़कियों से कूदे लोग
खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश कार को चांदनी चौक से भूड़पुर की तरफ मोड़कर भागे और आगे रामगढ़ के रपटे के पास गाड़ी छोड़कर नदी की तरफ पैदल भागने लगे। पुलिस को करीब आते देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की तरफ से हुई गोलीबारी के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग (Counter Fire) की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा, जबकि दूसरे बदमाश को पुलिस ने घेराबंदी कर दौड़कर दबोच लिया। हालांकि, इस अफरा-तफरी के बीच तीन अन्य शातिर बदमाश मौके से भागने में सफल रहे।
मुठभेड़ में घायल बदमाश को पुलिस टीम ने तुरंत रेस्क्यू कर पहले प्रेमनगर चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल (Doon Hospital) रेफर कर दिया है। पुलिस ने घटनास्थल और बदमाशों की कार से दो अवैध देसी तमंचे, खोखा (चले हुए कारतूस) और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के बीच हुई इस मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी सिटी (SP City) समेत तमाम आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने दून अस्पताल जाकर घायल बदमाश के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पकड़े गए दोनों बदमाशों का राजस्थान में लंबा और खूंखार आपराधिक इतिहास (Criminal History) रहा है, जहाँ ये हत्या और लूट जैसे कई संगीन मुकदमों में वांछित चल रहे थे।
यह भी पढ़ें 👉 स्कूटी की डिग्गी से ₹2 लाख उड़ाने वाला UP का शातिर अपराधी गिरफ्तार
गिरफ्तार बदमाशों का विवरण:
-
रिंकू मीणा (उम्र 30 वर्ष) – [मुठभेड़ में घायल]: पुत्र सियाराम, निवासी- ग्राम अखरोट, तहसील व थाना मण्डावर, जिला दौसा, राजस्थान। (इसके खिलाफ हत्या समेत कई जघन्य अपराध दर्ज हैं)।
-
विनोद कुमार मीणा (उम्र 32 वर्ष): पुत्र रामलाल मीणा, निवासी- ग्राम व पोस्ट झारेड़ा, तहसील हिंडौन सिटी, जिला करौली, राजस्थान। (इसके खिलाफ भी कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं)।





