शिव महापुराण कथा के पांचवें दिन उमड़ी भक्तों की भीड़, शिव-पार्वती महिमा का रसपान कर भावविभोर हुए श्रद्धालु
हल्द्वानी: स्थानीय श्री विष्णु प्रिया वैंकेट हॉल में आयोजित भव्य शिव महापुराण कथा के पांचवें दिन आज श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा व्यास, सुप्रसिद्ध कथा वाचक श्रद्धेय डॉ. कैलाश चंद्र भट्ट जी ने अपने मुखारविंद से भगवान शिव और माता पार्वती की दिव्य कथा व उनकी महिमा का रसपान कराया।
संगीतमय भजनों और मार्मिक प्रसंगों को सुनकर उपस्थित भक्तगण ध्यानमग्न होकर भावविभोर हो उठे। कथा के मुख्य यजमान वरिष्ठ अधिवक्ता श्री मनोज खुल्बे जी ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कुमुद खुल्बे, पुत्र नितिन खुल्बे एवं सपरिवार
व्यास पीठ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता जनार्दन ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कथा श्रवण करने वालों में मुख्य रूप से गणेश सिंह सुयाल, रमेश खुल्बे, लीलाधर सती, भुवन बहुगुणा, सुधा जोशी, ललित तिवारी, जगदीश चंद्र खुल्बे, दीपक खुल्बे, बसंती जोशी, नंदा बल्लभ पांडे, प्रेमा बिनवाल, धर्मानंद जोशी और प्रेमा रावत सहित सैकड़ों की संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।
कथा के विश्राम अवसर पर मुख्य यजमान एडवोकेट मनोज खुल्बे जी ने कथा में पधारे सभी अतिथियों, मातृशक्ति और समस्त धर्मप्रेमी जनता का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।





