नैनीताल में विश्व योग दिवस की तैयारियां तेज: 21 जून को मुख्य स्थानों पर होगा योगाभ्यास, 17 जून को हल्द्वानी में मैराथन
नैनीताल: आगामी 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर नैनीताल जिला मुख्यालय समेत विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर भव्य योग दिवस कार्यक्रमों का आयोजन कर सामूहिक योगाभ्यास किया जायेगा। योग दिवस की पूर्व तैयारियों को लेकर बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अरविन्द पाण्डे की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर गहन विचार-विमर्श करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि इस वर्ष जिले में योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय के डीएसए मैदान (मल्लीताल, नैनीताल), भीमताल स्थित विकास भवन परिसर मैदान, माननीय उच्च न्यायालय परिसर, लोकभवन नैनीताल तथा हल्द्वानी में आयोजित किये जायेंगे। इन सभी चिन्हित स्थानों पर प्रातः 6:30 बजे से योगाभ्यास कार्यक्रम विधिवत रूप से शुरू हो जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने इन सभी आयोजन स्थलों पर कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक सम्पन्न कराये जाने हेतु नोडल अधिकारी नामित कर दिए हैं। इसके तहत नैनीताल डीएसए मैदान के लिए सहायक परियोजना निदेशक (APD) डीआरडीए चन्द्रा फर्त्याल, लोकभवन हेतु अपर जिलाधिकारी (वित्त) सौरभ असवाल, उच्च न्यायालय परिसर के लिए उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, विकास भवन भीमताल हेतु जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी तथा हल्द्वानी क्षेत्र के लिए नगर आयुक्त (हल्द्वानी) परितोष वर्मा को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी को समय रहते सभी प्राथमिक तैयारियां पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिये हैं। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य शिक्षाधिकारी को निर्देशित किया है कि वह डीएसए मैदान व भीमताल में स्कूली बच्चों की सक्रिय प्रतिभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही सभी आयोजन स्थलों पर मंच संचालन की व्यवस्थाएं भी समय से तय कर लें।
समीक्षा बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि योग दिवस के प्रचार-प्रसार के लिए 17 जून (बुधवार) को हल्द्वानी के मिनी स्टेडियम में ‘रन फॉर योगा’ मिनी मैराथन का विशेष आयोजन किया जायेगा। यह मैराथन हल्द्वानी मिनी स्टेडियम से शुरू होकर एम.बी.पी.जी. डिग्री कॉलेज हल्द्वानी में जाकर संपन्न होगी।
अधिकारियों ने अवगत कराया कि इस वर्ष विश्व योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ्य रहने के लिए योग जरूरी है’ रखी गई है। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, मुख्य शिक्षाधिकारी गोविन्द जायसवाल, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी एमएस गुन्ज्याल, एपीडी चंद्रा फर्त्याल के साथ ही समस्त संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।





