Spread the love

हल्द्वानी-काठगोदाम में होटलों पर बड़ा एक्शन: संयुक्त टीम ने की अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच, कमियां मिलने पर कटा चालान

हल्द्वानी: जिलाधिकारी नैनीताल के आदेशों के अनुपालन में जनसुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा मानकों के कड़े परीक्षण हेतु गठित संयुक्त समिति द्वारा आज हल्द्वानी और काठगोदाम क्षेत्र स्थित विभिन्न होटलों व गेस्ट हाउसों का औचक निरीक्षण किया गया। राजस्व, फायर, पर्यटन तथा पुलिस विभाग की इस संयुक्त टीम ने क्षेत्र के कई प्रमुख प्रतिष्ठानों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस विशेष चेकिंग अभियान के तहत टीम ने नैनीताल रोड स्थित होटल कुटुम्ब, होटल इम्पेरियो, काठगोदाम स्थित होटल रेडियम तथा एन.जेड. गेस्ट हाउस का स्थलीय निरीक्षण किया।

होटलों और गेस्ट हाउसों में अग्नि सुरक्षा मानकों और फायर एनओसी की जांच
होटलों और गेस्ट हाउसों में अग्नि सुरक्षा मानकों और फायर एनओसी की जांच

निरीक्षण के दौरान संयुक्त दल द्वारा इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन विभाग द्वारा निर्गत अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर NOC), अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता व उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग (इमरजेंसी एग्जिट), विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, जल भंडारण एवं आग बुझाने हेतु पानी की उपलब्धता सहित पार्किंग व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा मानकों का कड़ा परीक्षण किया गया।

यह भी पढ़ें 👉 हरिद्वार के सराय गांव में दहशत: घर के आंगन में बनी पानी की टंकी से निकले 27 सांपों के बच्चे; वन विभाग ने किया रेस्क्यू

संयुक्त समिति द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों के अभिलेखों की जांच करने पर अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में भारी कमियां और कई अभिलेखीय त्रुटियां चिन्हित की गईं, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम द्वारा मौके पर ही चालान काटने की कार्रवाई अमल में लाई गई।

इसके अतिरिक्त, जांच के दौरान नैनीताल रोड स्थित दोनों होटलों का पर्यटन विभाग में अनिवार्य पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) भी नहीं पाया गया। इस गंभीर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर मौजूद पर्यटन अधिकारी द्वारा दोनों होटलों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

यह भी पढ़ें 👉 हल्द्वानी ब्रेकिंग: सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी का बड़ा चाबुक,घनी आबादी के बीच बिना फायर NOC के चल रहा 9 लाख लीटर का अवैध पेंट गोदाम सील!

संयुक्त चेकिंग टीम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आम जनता और पर्यटकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ ऐसे औचक निरीक्षण अभियान भविष्य में भी निरंतर और अधिक कड़ाई से संचालित किए जाएंगे।


Spread the love