उत्तराखंड में बंपर भर्ती: UKSSSC ने कोर्ट में 398 पदों पर निकाली वैकेंसी, जानें आवेदन प्रक्रिया
उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी और खुशसभरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने प्रदेश के न्यायालयों में विभिन्न रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कनिष्ठ सहायक और स्टेनोग्राफर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कुल 398 नियुक्तियां की जाएंगी।

विज्ञप्ति के अनुसार, यह भर्ती माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल के अधीन प्रदेश के विभिन्न सिविल न्यायालयों और कुटुंब न्यायालयों (Family Courts) के लिए की जा रही है। कुल 398 पदों में से कनिष्ठ सहायक (Junior Assistant) के 259 पद और आशुलिपिक/वैयक्तिक सहायक (Stenographer/Personal Assistant) के 139 पदों पर सीधी भर्ती के माध्यम से चयन किया जाएगा।
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आगामी 22 जून 2026 से शुरू होगी, जो 06 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। आयोग ने परीक्षा की संभावित तिथि भी घोषित कर दी है, जिसके अनुसार लिखित प्रतियोगी परीक्षा 23 अगस्त 2026 को आयोजित की जा सकती है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
वेतनमान की बात करें तो कनिष्ठ सहायक के पदों के लिए 21,700 से 69,100 रुपये (लेवल-3) तक का वेतन निर्धारित है। वहीं, वैयक्तिक सहायक के पदों के लिए सिविल न्यायालयों में लेवल-5 (29,200 – 92,300) और कुटुंब न्यायालयों में लेवल-7 (44,900 – 1,42,400) का आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में अपने नाम और जन्मतिथि के सत्यापन हेतु हाईस्कूल प्रमाण-पत्र के साथ-साथ पहचान पत्र की छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया वस्तुनिष्ठ प्रकार की बहुविकल्पीय परीक्षा के माध्यम से होगी, जो ऑफलाइन या ऑनलाइन किसी भी मोड में आयोजित की जा सकती है। प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है, जिसके लिए उन्हें अभी से तैयारी में जुटने की सलाह दी गई है।





