बागेश्वर नुमाइश मैदान में समाज कल्याण विभाग और एलिम्को द्वारा दिव्यांगों को निःशुल्क व्हीलचेयर और उपकरण वितरण करते राज्य मंत्री व विधायक
Spread the love

बागेश्वर : नुमाइश मैदान में 480 जरूरतमंदों को बांटे गए कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण

बागेश्वर: जनपद के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों (बुजुर्गों) के जीवन को अधिक सुगम, सरल और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को ऐतिहासिक नुमाइश मैदान में एक विशाल कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के संयुक्त तत्वावधान एवं सहयोग से आयोजित इस शिविर में पात्र दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस बेहद जन-उपयोगी शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद व्यक्तियों को सशक्त करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।

इस वृहद शिविर के दौरान कुल ४८० चयनित लाभार्थियों को उनकी शारीरिक आवश्यकता और चिकित्सीय परामर्श के अनुरूप विभिन्न जीवनोपयोगी उपकरण पूरी तरह से निःशुल्क बांटे गए। वितरित किए गए उपकरणों में मुख्य रूप से व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल, कान की मशीन (श्रवण यंत्र), बैसाखी, वॉकिंग स्टिक (छड़ी), कमर एवं घुटने की ऑर्थोपेडिक बेल्ट तथा दृष्टि संबंधी विशेष चश्मे शामिल रहे।

यह भी पढ़ें 👉 अल्मोड़ा में खौफनाक वारदात: पहली बार मायके आए दामाद ने ससुर पर पाटल से किए 12 वार, तड़प कर मौत

इसके साथ ही, शिविर में आए दिव्यांगजनों की विधिक और प्रशासनिक सहूलियत के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मुस्तैद रही, जिसने मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए ७१ पात्र व्यक्तियों के डिजिटल दिव्यांगता प्रमाण-पत्र (Disability Certificates) भी जारी किए।

यह भी पढ़ें 👉 पिथौरागढ़ में इंस्टाग्राम का ‘इश्क’: 3 बच्चों की मां पति को छोड़ प्रेमी संग हरियाणा फरार, पुलिस से बोली- नहीं जाऊंगी वापस

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तराखंड सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय, बागेश्वर की विधायक पार्वती दास और कपकोट के विधायक सुरेश गढ़िया ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन का नेतृत्व कर रहीं जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी ऐसे कैंपों के जरिए सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाए। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष नवीन चंद्र वर्मा, अनुश्रवण समिति की अध्यक्ष चम्पा आर्या, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, नैना लोहुमी और दिलीप खेतवाल सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में देवतुल्य लाभार्थी उपस्थित रहे।


Spread the love

You missed