हरिद्वार के बहादराबाद में गंगनहर में डूबी महिला और बच्ची की तलाश करती एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमहरिद्वार के बहादराबाद में गंगनहर में डूबी महिला और बच्ची की तलाश करती एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम
Spread the love

हरिद्वार में दिल दहला देने वाली घटना: मायके जाते समय पति से हुआ विवाद, 1 साल की मासूम बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में कूदी मां! 👇

हरिद्वार (बहादराबाद): धर्मनगरी हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। रविवार को अपनी ससुराल (मायके) जा रही एक महिला का रास्ते में अपने पति के साथ किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि गुस्से और आवेश में आकर महिला ने मोटरसाइकिल रुकवाई और अपनी महज एक वर्षीय मासूम बेटी को गोद में लेकर उफनती गंगनहर में छलांग लगा दी। मां-बेटी के गंगनहर के गहरे पानी में समाते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

बाइक से जा रहा था पूरा परिवार, कॉलेज के पास भड़का विवाद

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मूल रूप से कोटा मुरादनगर (थाना कलियर) के रहने वाले 35 वर्षीय युवक अपनी 30 वर्षीय पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल जा रहे थे। बाइक पर उनका 4 साल का बेटा आगे बैठा हुआ था, जबकि एक वर्ष की मासूम बेटी पत्नी की गोद में थी। पूरा परिवार बहादराबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रायपुर दरेड़ा (महिला के मायके) की ओर बढ़ रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस पूछताछ के मुताबिक, जब यह परिवार दौलतपुर स्थित डीपीएस (DPS) कॉलेज के पास पहुंचा, तो पत्नी ने किसी पारिवारिक वजह से रास्ते में घर पर रुकने की बात कही। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच रास्ते में ही बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी इतनी ज्यादा बढ़ गई कि आक्रोशित पत्नी ने अचानक चलती बाइक को रुकवा लिया।

पलक झपकते ही गंगनहर में डूबीं मां-बेटी, 4 साल का मासूम बेटा सुरक्षित

इससे पहले कि पति या राहगीर कुछ समझ पाते या महिला को रोकने का प्रयास करते, उसने अपनी एक साल की दुधमुंही बच्ची को कसकर छाती से लगाया और सीधे गंगनहर के तेज बहाव में छलांग लगा दी। गंगनहर का पानी गहरा और बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण मां और मासूम बच्ची पलक झपकते ही आंखों से ओझल हो गए और गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए।

इस खौफनाक मंजर को देखकर पति बदहवास हो गया और उसका रो-रोकर बुरा हाल है। गनीमत यह रही कि बाइक पर आगे बैठा उनका 4 साल का मासूम बेटा पूरी तरह सुरक्षित है। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना बहादराबाद थाना पुलिस को दी।

गोताखोरों और SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

विवाद और गंगनहर में कूदने की संवेदनशील सूचना प्राप्त होते ही बहादराबाद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जल पुलिस के गोताखोरों और एसडीआरएफ (SDRF) की रेस्क्यू टीम को तलब किया गया। दोनों टीमों द्वारा संयुक्त रूप से गंगनहर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। तेज बहाव के बावजूद गोताखोर लगातार मां-बेटी की तलाश में जुटे हुए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर कानूनी और व्यावहारिक पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। मायके और ससुराल, दोनों पक्षों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनसे भी पूछताछ की जा रही है कि आखिर विवाद की असली और इतनी बड़ी वजह क्या थी, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को इस मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया।


Spread the love