नैनीताल में दर्दनाक हादसा: राज्य अतिथि गृह में स्ट्रीट लाइट ठीक करते समय करंट लगने से संविदा बिजली तकनीशियन की मौत! 👇
नैनीताल:उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल स्थित राज्य अतिथि गृह-नैनीताल क्लब परिसर में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और हादसा सामने आया। यहाँ स्ट्रीट लाइट की मरम्मत का काम कर रहे 32 वर्षीय एक संविदा बिजली तकनीशियन की करंट लगने से मौत हो गई। करंट की चपेट में आने से तकनीशियन बिजली के पोल से चिपक गया और सप्लाई बंद होने पर नीचे आ गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट भी लग गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तार जोड़ते ही अचानक आया हाई वोल्टेज करंट, पोल से चिपका तकनीशियन
मृतक की पहचान महेंद्र सिंह (32 वर्ष), पुत्र बनवारी लाल, निवासी वार्ड संख्या-8, रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। नगर कोतवाल राजेंद्र सिंह रावत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि महेंद्र सिंह विद्युत विभाग के माध्यम से संविदा पर नियुक्त थे और नैनीताल क्लब की विद्युत व्यवस्थाओं की देखरेख का काम संभाल रहे थे।
पुलिस तफ्तीश के अनुसार, रविवार सुबह महेंद्र सिंह राज्य अतिथि गृह परिसर की चारदीवारी के पास खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक करने के लिए पहले बिजली आपूर्ति बंद करवाकर पोल पर चढ़े थे। बताया जा रहा है कि तार जोड़ने के बाद जैसे ही टेस्टिंग के लिए बिजली आपूर्ति शुरू कराई गई, वे अचानक जोरदार करंट की चपेट में आ गए और पोल से चिपक गए।
यह भी पढ़ें 👉 रोज-रोज के उत्पीड़न से तंग आकर बहू ने ब्लेड से काटा ससुर का प्राइवेट पार्ट, आरोपी महिला पुलिस हिरासत में! 👇
बीडी पांडे अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आनन-फानन में बिजली आपूर्ति दोबारा बंद कराई गई। सप्लाई बंद होते ही महेंद्र सिंह नीचे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में भी गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद सहकर्मी उन्हें तुरंत बीडी पांडे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा दस्ताने न पहनने की बात आई सामने, पुलिस कर रही मामले की जांच
प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि हादसे के वक्त महेंद्र सिंह ने सुरक्षा दस्ताने (Safety Gloves) नहीं पहने थे। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रामपुर में मौजूद उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद मृतक का भाई रामपुर से नैनीताल के लिए रवाना हो गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा और यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो नियमानुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
